बद्दी, नालागढ़ स्टडी सेंटर ने छात्रों से किया आवेदन का आग्रह
नालागढ़, 5 अगस्त ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा ।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 प्रवेश चक्र के लिए विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला की ओर से जारी सूचना के अनुसार अब इच्छुक विद्यार्थी सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक, पीजी डिप्लोमा तथा स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में 16 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू स्टडी सेंटर नालागढ़ के समन्वयक डॉ. हरविंदर सिंह एवं सहायक समन्वयक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि नालागढ़ और आसपास के दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा एवं मांग को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि जो अभ्यर्थी किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सके हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि से पहले अपना ऑनलाइन प्रवेश सुनिश्चित करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
इग्नू के माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक लक्ष्यों को साकार कर सकते हैं।







