ऐतिहासिक चौगान में होगा आयोजन
चंबा, 6 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में समारोह की तैयारियों, व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिला स्तरीय समारोह का आयोजन चंबा के ऐतिहासिक चौगान में किया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि समारोह में पुलिस, होमगार्ड, जवाहर नवोदय विद्यालय, पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री आदर्श राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चंबा, पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज तथा वन विभाग की टुकड़ियां मार्च पास्ट में भाग लेंगी।

इसके अतिरिक्त रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे तथा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, एसडीएम चिराग शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










