चंबा, 8 अगस्त
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीसा–बैरागढ़ मार्ग पर यात्रियों से भरी एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई, जिससे 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बैरागढ़ से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुआ। दुर्घटना के समय बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह लगभग 7:15 बजे हुई। घायलों का उपचार जारी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी चल रही है।
मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।






