/राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में मनाया गया विश्व ओज़ोन दिवस

राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में मनाया गया विश्व ओज़ोन दिवस

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को ओज़ोन परत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक

नालागढ़, 16 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में बुधवार को भूगोल विभाग द्वारा विश्व ओज़ोन दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुलेरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य ने ओज़ोन परत के पर्यावरण एवं पृथ्वी पर जीवन के लिए महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न हो रहे हानिकारक प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भूगोल विभाग की ओर से प्रश्नोत्तरी, भाषण तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अल्फा टीम ने प्रथम, गामा टीम ने द्वितीय तथा बीटा टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में किरण बाला प्रथम, ऋतु देवी द्वितीय तथा उमा देवी तृतीय स्थान पर रहीं।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में हरप्रीत कौर ने प्रथम, बलजिंदर कौर ने द्वितीय तथा छाया ने तृतीय स्थान हासिल किया।

भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी अबरोल ने ओज़ोन परत के क्षरण पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को इसके कारणों और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ओज़ोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और इसका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भाषण प्रतियोगिता के लिए प्रो. दलीप बाली एवं शिप्रा परमार, प्रश्नोत्तरी के लिए डॉ. अनुराधा, डॉ. नीलकांत एवं डॉ. अनुज शर्मा तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के लिए डॉ. शिप्रा, डॉ. सोनिया एवं डॉ. ईशा शामिल रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ओज़ोन परत के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।