नालागढ़, 5 अक्टूबर।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।
नालागढ़ पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक संगठन की बैठक सोमवार को अध्यक्ष नरेश घई की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान हिमाचल सरकार द्वारा पेंशनरों के बकाया एरियर का भुगतान न किए जाने पर सदस्यों ने रोष जताया।

संगठन ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का बकाया एरियर अभी तक नहीं दिया गया है। इसके अलावा पेंशनरों को महंगाई भत्ते की 15 प्रतिशत लंबित किस्तों का भुगतान न किए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने मांग की कि दिवाली से पहले लंबित डीए की किस्तों सहित अन्य बकाया राशि का भुगतान किया जाए।

बैठक में 60, 65 और 70 वर्ष की आयु पर मिलने वाले 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ते को मूल पेंशन में जोड़ने की मांग भी उठाई गई।

पेंशनर संगठन ने नालागढ़-पिंजौर फोरलेन निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग करते हुए मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई। सदस्यों ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है।
बैठक में नालागढ़ अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद शीघ्र भरने की मांग भी की गई। वहीं नालागढ़ क्षेत्र में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की गई।

बैठक में महासचिव कैलाश राणा, जिला उपप्रधान दिलीप सिंह राणा, कोषाध्यक्ष आदित कांसल, निर्मल पुरी, उपमा शर्मा, लाजवंती शर्मा, रनजोद सिंह, रामपाल शर्मा, चमन शर्मा, राजिंद शर्मा, राजिंद सिंह चंदेल, सोहन सिंह चंदेल, रामेश्वर दास, हेमराज भंडारी, मंशा राम, हुकम सिंह ठाकुर, अजमेर सिंह, भजु राम, दलेल सिंह, चंद्रमणि, नीरज कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








