‘खेलेंगे भी, खिलेंगे भी’ थीम पर 22 दिन तक चलेंगी प्रतियोगिताएं।
शिमला, 21 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 25 अक्टूबर से खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। ‘खेलेंगे भी, खिलेंगे भी’ थीम पर आधारित इस आयोजन का शुभारंभ सुबह 11 बजे बनुटी में होगा, जबकि समापन समारोह 15 नवंबर को सुन्नी में आयोजित किया जाएगा।
इस खेल महाकुंभ में कुल 9553 खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य भाग लेंगे।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये के नकद पुरस्कार, ट्रॉफियां और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

लोक निर्माण मंत्री एवं शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में खेल महाकुंभ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपने विधानसभा क्षेत्र में युवाओं, महिलाओं और पुरुषों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस आयोजन को करवाते आ रहे हैं।
हालांकि, प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण इसका आयोजन नहीं हो सका। अब एक बार फिर बड़े स्तर पर खेल महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है।










