/परवाणू में नौ लाख रुपये की कार चोरी करने वाला 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, चोरी का वाहन बरामद

परवाणू में नौ लाख रुपये की कार चोरी करने वाला 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, चोरी का वाहन बरामद

परवाणू 16 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

सोलन जिले के पुलिस थाना परवाणू के अंतर्गत दत्यार स्थित पेट्रोल पंप के समीप से करीब नौ लाख रुपये कीमत की कार चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुआ वाहन बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सिरमौर निवासी शिकायतकर्ता शर्मा चंद ने 11 नवंबर को पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने 9 नवंबर को अपनी गाड़ी दत्यार स्थित पेट्रोल पंप के समीप पार्क की थी।

10 नवंबर को टायर पंचर होने के कारण उन्होंने गाड़ी का टायर बदलने के लिए खोला था। इस दौरान गाड़ी की चाबी वाहन में ही रह गई थी। अगले दिन जब वह अपनी पत्नी के साथ पीजीआई जाने के लिए वहां पहुंचे तो गाड़ी मौके से गायब थी।

आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर नंबर 148/2026 दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस थाना परवाणू की टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे सेक्टर-6 परवाणू से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान साहिल पुत्र शिवाकर, निवासी गांव पुरला, सेक्टर-2, परवाणू, तहसील कसौली, जिला सोलन, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुआ वाहन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक अपहरण का मामला पुलिस थाना परवाणू में तथा चोरी के दो मामले, एक पुलिस थाना कसौली और दूसरा पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को 12 नवंबर को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है और पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।