/शिमला पुलिस द्वारा हरियाणा से चिट्टे का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

शिमला पुलिस द्वारा हरियाणा से चिट्टे का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

72 ग्राम चिट्टा और 1.02 लाख रुपये नकद बरामद

शिमला 16 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस थाना ठियोग में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में बैकवर्ड लिंकेज विकसित करते हुए पुलिस ने हरियाणा के पिंजौर से मुख्य सप्लायर ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 49 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा/हेरोइन, 1,02,500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की गई है। इस मामले में कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को कार्रवाई के दौरान पपिल भूषण (37) और सुरेश (39), निवासी तहसील कोटखाई, जिला शिमला को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद होने पर पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 170/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026, धारा 21 और 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी ओमकार उर्फ ओमी पुत्र तुलसी राम, निवासी ठियोग, वर्तमान में पिंजौर, जिला पंचकूला, हरियाणा से फोन के माध्यम से चिट्टा खरीदते थे और इसका भुगतान नकद करते थे।

कॉल डिटेल और पूछताछ से प्राप्त तथ्यों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने नशे की सप्लाई के स्रोत की पहचान की। इसके आधार पर पुलिस टीम ने पिंजौर, हरियाणा में दबिश देकर 15 नवंबर 2026 को ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार किया। आरोपी के ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम चिट्टा, 1,02,500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन बरामद हुई।


पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओमकार उर्फ ओमी के विरुद्ध पुलिस थाना ठियोग में वर्ष 2021 के दौरान ND&PS Act के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिंजौर में रहकर ठियोग-कोटखाई क्षेत्र में बड़े स्तर पर चिट्टे की सप्लाई कर रहा था तथा हिमाचल प्रदेश के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

2026 में 94 मुख्य सप्लायर बाहरी राज्यों से गिरफ्तार
शिमला पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य नशा सप्लायरों को विशेष अभियान चलाकर बाहरी राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।

इसके मुकाबले वर्ष 2025 में 8 और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायरों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की गई थी।


इसी प्रकार, बैकवर्ड लिंकेज के तहत वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि वर्ष 2025 और 2024 में ऐसे केवल 4-4 नेटवर्क को ही ध्वस्त किया जा सका था।


शिमला पुलिस की यह कार्रवाई दर्शाती है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान अब केवल स्थानीय स्तर पर नशे की खेप बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचकर पूरे तस्करी तंत्र को ध्वस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।