आरोपी की तलाश जारी।
सोलन (कुनिहार) 21 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पुलिस थाना कुनिहार के अंतर्गत गांव सनौगी से चोरी हुई करीब 9 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार को पुलिस ने गंभरपुल-दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के समीप एक सुनसान स्थान से बरामद कर लिया है।
हालांकि, वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, कुनिहार निवासी संतोष कुमारी ने 20 नवंबर 2026 को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके पति ने 15 नवंबर को अपनी ब्रेजा कार गांव सनौगी में सड़क किनारे खड़ी की थी। 20 नवंबर की सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो कार वहां से गायब थी। अपने स्तर पर विभिन्न स्थानों पर तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 15 से 20 नवंबर के बीच कार चोरी कर ली।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर नंबर 62/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। पुलिस के लगातार प्रयासों के चलते चोरी हुई ब्रेजा कार को आंजी घाट के समीप बरामद करने में सफलता मिली।
पुलिस अब चोरी की वारदात में संलिप्त अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।








