/PGIMER चंडीगढ़ को लगातार दूसरे वर्ष स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता के लिए सिल्वर पुरस्कार

PGIMER चंडीगढ़ को लगातार दूसरे वर्ष स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता के लिए सिल्वर पुरस्कार

प्रकाशन मूल्यांकन मानदंडों में मिला सम्मान, चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धि

चंडीगढ़, 21 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER), चंडीगढ़ ने स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान को तीसरे DHR-ICMR स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन-2026 में प्रकाशन मूल्यांकन मानदंडों (Publication Evaluation Metrics) के तहत स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता के लिए सिल्वर श्रेणी का पुरस्कार प्रदान किया गया है। खास बात यह है कि PGIMER को लगातार दूसरे वर्ष यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।

यह उपलब्धि संस्थान के संकाय सदस्यों की प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और वैज्ञानिक नवाचार का परिणाम है। PGIMER के विशेषज्ञ चिकित्सक और शोधकर्ता रोगी देखभाल के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा तथा उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों में भी निरंतर योगदान दे रहे हैं।

संस्थान के निदेशक प्रो. विवेक लाल के नेतृत्व तथा प्रो. संजीव हांडा, डीन (रिसर्च) और प्रो. संजय जैन, डीन (एकेडमिक) के मार्गदर्शन में PGIMER चिकित्सा अनुसंधान, शिक्षा और रोगी सेवाओं में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
यह पुरस्कार 16 और 17 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान 17 नवंबर को प्रदान किया गया। पुरस्कार भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक एवं स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (DHR) के सचिव डॉ. राजीव बहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रदान किया।

PGIMER की ओर से यह सम्मान MERC सेल के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. प्रतीक भाटिया ने प्राप्त किया।

स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता की एक्स्ट्राम्यूरल संस्थान (ओवरऑल) श्रेणी में प्रकाशन मूल्यांकन मानदंडों के तहत मिला यह सम्मान PGIMER चंडीगढ़ की राष्ट्रीय स्तर पर अनुसंधान क्षेत्र में मजबूत पहचान को और सुदृढ़ करता है। यह उपलब्धि चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और अनुसंधान के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में संस्थान के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है।