पूर्णाहुति में उमड़े श्रद्धालु।
रामशहर 24 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले के रामशहर तहसील परिसर में पिछले आठ दिनों से आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का मंगलवार को विधिवत मंत्रोच्चारण और पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ।

इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस धार्मिक आयोजन का आयोजन हेम शंकर शर्मा, रवि शर्मा और विनोद शर्मा के परिवार की ओर से अपने पितरों की आत्मिक शांति एवं स्वर्गीय गीता राम शर्मा की स्मृति में करवाया गया।

यज्ञ के समापन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हवन किया गया।
जानकारी के अनुसार, पूर्णाहुति में लगभग 25 किलोग्राम हवन सामग्री का प्रयोग किया गया तथा सवा लाख मंत्रों के जाप के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

हितेश भारद्वाज, श्याम भारद्वाज और विजय पाल शर्मा ने बताया कि पूर्णाहुति में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और हवन में आहुतियां डालकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आठ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के समापन पर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।









