सोलन (रामशहर) 29 नवंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामशहर में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र में कुल 168 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था, जिनमें से 143 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 25 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
मिली जानकारी के मुताबिक परीक्षा के सफल आयोजन के लिए केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अनुशासनपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा ने परीक्षा के सफल संचालन पर ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने पर विद्यालय प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।










