पीने के पानी की सुविधा को लेकर हुई चर्चा
सोलन (अर्की ) 3 मई,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /वर्मा
ज़िला परिषद सदस्या आशा परिहार ने ग्राम सुधार समिति, महिला मण्डल और आईपीएच विभाग के साथ देवरा गाव के विकास कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित की ।

मिली जानकारी के मुताबिक आशा परिहार ने यहां किए गए विकास कार्यो के बारे में जानकारी सांझी करते हुए बताया
कि उन्होंने चार वर्ष पूर्व अपने ज़िला परिषद फंड से ₹5,00,000 की राशि आईपीएच विभाग को प्रदान की थी, ताकि नेचुरल स्रोत से गांव तक पेयजल पहुँचाने के लिए कास्ट स्टोरेज टैंक और पाइपलाइन की व्यवस्था की जा सके।

बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ स्थल पर जाकर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभाग के साथ मिलकर एक सामूहिक निर्णय लिया कि गांव में एक सार्वजनिक जल स्त्रोत (कॉमन वाटर टेप) लगाया जाए, ताकि समस्त ग्रामवासियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुलभ रूप से मिल सके।

इस अवसर पर परिहार ने कहा कि जनसेवा ही उनका लक्ष्य है और वे आगे भी इसी भावना से कार्य करती रहेंगी।
गांववासियों ने आशा परिहार के प्रयासों की सराहना की और धन्यवाद व्यक्त किया कि उन्होंने पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता को लेकर समय रहते ठोस कदम उठाए।

इस बैठक में ग्राम पंचायत उपप्रधान कृष्ण चंद्र ठाकुर, ग्राम सुधार समिति, महिला मण्डल देवरा सहित स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।







