नई मशीनें मार्च 2026 से होंगी उपलब्ध
शिमला 17 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश में संचालित राशन डिपुओं के माध्यम से अब उपभोक्ताओं को सस्ते राशन के साथ-साथ ब्रांडेड खाद्य सामग्री खरीदने की सुविधा भी मिलेगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग नए साल से इस व्यवस्था को शुरू करने की तैयारी में है। इसके साथ ही राशन वितरण में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए डिपुओं में लगी मशीनों को भी बदला जाएगा, जो मार्च 2026 से उपलब्ध करवाई जाएंगी।
प्रदेश में वर्तमान में 5096 राशन डिपो संचालित हैं, जिनके माध्यम से लगभग 19.32 लाख उपभोक्ताओं को सस्ता राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक आरके गौतम से बैठक कर डिपो संचालकों को आ रही आर्थिक और तकनीकी दिक्कतों पर चर्चा की।
समिति के प्रवक्ता संजीव वर्मा ने बताया कि बैठक में सिविल सप्लाई डिपुओं के माध्यम से सस्ती दरों पर ब्रांडेड खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर विभाग ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि डिपो में ब्रांडेड सामान बेचने पर सहमति बन गई है और यह व्यवस्था नए साल में शुरू हो सकती है।
बैठक में इंटरनेट सुविधा को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संजीव वर्मा ने बताया कि डिपो संचालक पिछले कई वर्षों से अपने निजी खर्च पर इंटरनेट सुविधा चला रहे हैं। वर्ष 2016 से कंपनी द्वारा इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई जा रही, जिसके चलते प्रत्येक डिपो संचालक को लगभग 450 रुपये प्रतिमाह अपनी जेब से खर्च करने पड़ रहे हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक आरके गौतम ने बताया कि इंटरनेट से जुड़ा मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और अदालत के आदेशानुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राशन वितरण के लिए नई मशीनें मार्च 2026 से डिपो संचालकों को उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिनमें बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।








