विकास को बताया प्रमुख एजेंडा
नालागढ़ 21 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
पंचायत चुनावों के मद्देनजर ग्राम पंचायत किरपालपुर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रधान पद के लिए उम्मीदवार बन्ती देवी ने पंचायत क्षेत्र के मतदाताओं से समर्थन की अपील करते हुए विकास कार्यों को अपनी प्राथमिकता बताया है।

बनती देवी के पुत्र एवं पूर्व प्रधान धनीराम काला ने बताया कि इस बार पंचायत प्रधान का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण उनकी माता बन्ती देवी चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से जनसेवा से जुड़ा रहा है और पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
धनीराम काला ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 से 2015 के दौरान प्रधान रहते हुए उन्होंने लोगों के व्यक्तिगत कार्यों में मदद के अलावा पंचायत में खेल मैदान का निर्माण करवाया था। उनका दावा है कि भविष्य में भी खेल सुविधाओं के रखरखाव और विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने पंचायत की महिलाओं, युवाओं और सभी वर्गों के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा बन्ती देवी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
वहीं बन्ती देवी ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।










