/पंचायत चुनावों से पहले बद्दी पुलिस का एरिया डोमिनेशन अभियान।

पंचायत चुनावों से पहले बद्दी पुलिस का एरिया डोमिनेशन अभियान।

सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा जांच।

बद्दी, 21 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला बद्दी पुलिस ने सभी मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा जांच एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस टीमों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त की।

पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

जिला बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

जिला बद्दी पुलिस का कहना है कि पंचायत चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।