/नालागढ़ में एसडीएम नरेंद्र अहलूवालिया ने की स्व-गणना, लोगों से भी किया सहयोग का आह्वान

नालागढ़ में एसडीएम नरेंद्र अहलूवालिया ने की स्व-गणना, लोगों से भी किया सहयोग का आह्वान

नालागढ़ 10 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

नरेंद्र अहलूवालिया ने जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के तहत अपने आवासीय विवरण ऑनलाइन दर्ज कर स्व-गणना पूर्ण की। इस अवसर पर उन्होंने उपमंडल नालागढ़ के सभी नागरिकों से भी स्व-गणना करने और जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 1 जून से 15 जून 2026 तक संचालित की जा रही है। नागरिक जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने आवास संबंधी विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। राज्य सरकार और जनगणना अधिकारियों ने भी लोगों से इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करने का आग्रह किया है।

एसडीएम ने बताया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को 11 अंकों की सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) प्राप्त होती है। उन्होंने नागरिकों से इस आईडी को सुरक्षित रखने की अपील की, क्योंकि आगे के सत्यापन कार्य में इसकी आवश्यकता होगी। स्व-गणना करने वाले परिवारों को गणना कर्मियों के दौरे के दौरान यही आईडी उपलब्ध करानी होगी।

उन्होंने कहा कि 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना के तहत गणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान स्व-गणना कर चुके परिवारों की जानकारी का मिलान किया जाएगा।

नरेंद्र अहलूवालिया ने कहा कि जनगणना देश के विकास, संसाधनों के उचित वितरण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने उपमंडल नालागढ़ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से आग्रह किया कि वे 15 जून 2026 तक स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाकर अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक और उपयोगी बन सकें।