/विकास खंड पट्टा के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

विकास खंड पट्टा के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

बद्दी( पट्टा) 10 जून
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।

विकास खंड पट्टा के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पट्टा में आयोजित किया गया।

समारोह में विकास खंड पट्टा के अंतर्गत पंचायत समिति के 15 नवनिर्वाचित सदस्यों को डॉ. संजीव धीमान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर राम कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और स्थानीय स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायत समिति सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

विधायक ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में समय-समय पर किए गए सुधारों से स्थानीय स्वशासन संस्थाएं अधिक सशक्त हुई हैं, जिससे विकास योजनाओं में जनभागीदारी और जवाबदेही को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. संजीव धीमान ने कहा कि पंचायत समिति स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण विकास के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों से लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य विकास खंड पट्टा के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर कुलदीप सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।