शिमला 11 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
शिमला के समाजसेवी हिमांशु कुमरा को समाज के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान और सेवाभाव के लिए ‘सुदर्शन गौर कला गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कालीबाड़ी ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं बॉलीवुड अभिनेता रोहिताश गौर तथा उपाध्यक्ष रेखा गौर ने हिमांशु कुमरा को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बधाई दी।

सम्मान प्राप्त करने के बाद हिमांशु कुमरा ने कहा कि यह पुरस्कार उनके जीवन का सबसे बड़ा और सबसे महत्वपूर्ण सम्मान है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, मार्गदर्शन और विश्वास के कारण ही वह आज इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।

इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी संतोष कुमरा भी उपस्थित रहीं। हिमांशु कुमरा ने कहा कि वह भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रखेंगे।









