/खटारा बसों से परेशान पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण।

खटारा बसों से परेशान पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण।

नई बसें उपलब्ध करवाने की उठाई मांग

रामशहर, 17 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

एचआरटीसी नालागढ़ डिपो की पुरानी और बार-बार खराब होने वाली बसों से पहाड़ी क्षेत्र की 28 पंचायतों के लोग परेशान है।

बुधवार को एक बार फिर डिपो की बस बीच रास्ते में खराब हो गई, जिससे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार नालागढ़ से गुरुकुंड, रामशहर, दिग्गल, जावल, बड़लग, कुनिहार होते हुए शिमला जाने वाली बस सुबह अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। लेकिन रामशहर से करीब चार किलोमीटर दूर रामगढ़ जंगल के समीप तकनीकी खराबी आने के कारण बस रास्ते में ही बंद हो गई।

बस में लगभग 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें आगे की यात्रा के लिए निजी वाहनों और टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा।

यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नालागढ़ डिपो की अधिकांश बसें जर्जर अवस्था में हैं और अक्सर अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही खराब हो जाती हैं। उनका कहना है कि बस सेवाओं की अव्यवस्था के कारण कई बार लोगों को अपने गांवों तक पहुंचने के लिए दो से तीन किलोमीटर पैदल भी चलना पड़ता है।

क्षेत्र के ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से नालागढ़ डिपो में कम से कम 20 नई बसें उपलब्ध करवाने तथा पुरानी एवं अनुपयोगी बसों को सेवा से हटाने की मांग की है। साथ ही डिपो की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच और औचक निरीक्षण करवाने की भी मांग उठाई गई है।

इस संबंध में अड्डा प्रभारी उमाकांत शर्मा ने बताया कि बस को निर्धारित समय पर रूट पर भेजा गया था, लेकिन रामगढ़ जंगल के पास तकनीकी खराबी आने के कारण वह आगे नहीं जा सकी। उन्होंने कहा कि बस की मरम्मत के लिए मैकेनिक मौके पर भेज दिए गए हैं।