/नालागढ़ में 21 जून को होगी अखिल भारतीय किसान सभा की राज्य परिषद बैठक

नालागढ़ में 21 जून को होगी अखिल भारतीय किसान सभा की राज्य परिषद बैठक


नालागढ़, 17 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

अखिल भारतीय किसान सभा हिमाचल प्रदेश राज्य परिषद की बैठक 21 जून 2026 को प्रातः 10 बजे नालागढ़, जिला सोलन में आयोजित होगी।

बैठक में अखिल भारतीय किसान सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कॉमरेड बलदेव सिंह (निहालसिंहवाला), राज्य अध्यक्ष कॉमरेड के.के. कौशल (पूर्व विधायक), राज्य उपाध्यक्ष कॉमरेड भाग सिंह चौधरी सहित प्रदेशभर के किसान नेता भाग लेंगे।

बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

इनमें प्रदेश में खाद की कमी, वन अधिकार अधिनियम-2006 का प्रभावी क्रियान्वयन, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार फसलों का उचित मूल्य, जंगली जानवरों एवं आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, बिजली संशोधन एक्ट की वापसी, स्मार्ट मीटरों की अनिवार्यता का विरोध, छोटे किसानों को सरकारी भूमि से बेदखली पर रोक, भूमि अधिग्रहण में चार गुना मुआवजा तथा छोटे किसानों के कर्ज माफी जैसे मुद्दे शामिल हैं।

किसान सभा ने बताया कि इन मांगों को लेकर अन्य किसान संगठनों के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। बैठक में किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श होगा।

यह जानकारी अखिल भारतीय किसान सभा हिमाचल प्रदेश राज्य परिषद के महासचिव नरेश घड़ी ने दी।