बीबीएन, 19 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नंगल की आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतू ठाकुर द्वारा शुक्रवार को न्यूटेक टेक्नोसर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, गांव ब्राह्मण माजरा में स्वास्थ्य जांच एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. नीतू ठाकुर ने 78 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने और नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। लोगों से नशे से दूर रहने तथा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की गई।
शिविर में आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ड्रग्स से होने वाले नुकसान, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही उपस्थित लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
योग प्रशिक्षक अजैब सिंह नायर एवं पूजा शर्मा ने प्रतिभागियों को योग के महत्व की जानकारी देते हुए ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, जानु संचालन, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम तथा कपालभाति का अभ्यास करवाया।
इस अवसर पर आयुष फार्मा अधिकारी निशा, प्लांट हेड रजनीश कुमार, एचआर हेड अनिल कुमार, कालीचरण, सोहन लाल सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








