बद्दी, 20 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
पुलिस जिला बद्दी द्वारा शनिवार को चितकारा विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के लिए नशा विरोधी एवं साइबर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना था।
सत्र के दौरान कैडेट्स को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा साइबर अपराधों जैसे ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने युवाओं से नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही नशा मुक्त एवं साइबर सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने नशा मुक्त और साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
पुलिस जिला बद्दी ने आमजन से भी अपील की कि वे नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









