बद्दी पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे।
बद्दी, 8 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
औद्योगिक नगरी की बद्दी पुलिस ने मानपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित विनसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, कौंडी में हुई 110 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चोरी किए गए कॉपर वायर की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर दर्ज मामले में बताया गया कि 29 जून 2026 की देर रात अज्ञात चोर फैक्ट्री की फेंसिंग काटकर स्टोर रूम में घुस गए और वहां से लगभग 110 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना मानपुरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस की सीसीटीवी टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों दयाराम साहनी पुत्र रामाशीष साहनी, चंदन कुमार पुत्र बाघी मुखिया तथा पवन कुमार पुत्र रामाशीष, सभी निवासी बिहार, को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर की बरामदगी, वारदात में प्रयुक्त साधनों की पहचान तथा इस गिरोह की अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि मामले में आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।










