सोलन, 10 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा सोलन जिले के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट तथा लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) सोलन मनमोहन शर्मा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-30 के तहत आदेश जारी कर 10 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार, आवासीय (रेजिडेंशियल) कॉलेज/विश्वविद्यालय, मेडिकल शिक्षा संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को छोड़कर जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज तथा अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि, सभी शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों को अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहना होगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, पेड़ों के गिरने, सड़क अवरुद्ध होने तथा जन-धन की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।








