/जंगल में फिर खराब हुई एचआरटीसी बस, 36 यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

जंगल में फिर खराब हुई एचआरटीसी बस, 36 यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

नालागढ़ 23 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

नालागढ़-रामशहर-दिग्गल-चड़ी रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस बुधवार को एक बार फिर तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में बंद हो गई। रामशहर से करीब चार किलोमीटर पहले जंगल क्षेत्र में बस की बेयरिंग खराब होने से लगभग 36 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


ग्रामीणों ने बताया कि बस दोपहर 12:20 बजे नालागढ़ बस अड्डे से रवाना हुई थी। बस के खराब होने के बाद यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों और टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा तथा अतिरिक्त किराया भी चुकाना पड़ा। ग्रामीणों ने एचआरटीसी की पुरानी बसों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन तकनीकी खराबियों से कर्मचारी, छात्र और आम लोग परेशान हो रहे हैं।


नालागढ़ बस अड्डा प्रभारी देवेंद्र कुमार ने हिम नयन न्यूज़ के संवाददाता को बताया कि चालक से सूचना मिली है कि बस की बेयरिंग खराब हो गई है और मैकेनिक को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि डिपो में बसों की भारी कमी है। हाल ही में 15 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं, जो औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द रूटों पर उतारी जाएंगी। इससे बसों की कमी और तकनीकी समस्याओं से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।