जंतर-मंतर का आंदोलन समाप्त
नई दिल्ली 30 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
देशभर के पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया (VOM) एवं व्ही ओ एम इंटरनेशनल फोरम द्वारा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चलाया जा रहा शांतिपूर्ण आंदोलन केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे और केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव की मध्यस्थता के बाद समाप्त हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों मंत्रियों ने पत्रकारों की मांगों पर केंद्र सरकार की ओर से सकारात्मक विचार और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद वॉइस ऑफ मीडिया के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काले ने शांतिपूर्ण आंदोलन और अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की घोषणा की।
आंदोलन के माध्यम से पत्रकार सुरक्षा कानून, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन, पत्रकार कल्याणकारी योजनाएं, पत्रकारों के परिवारों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं, डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को मान्यता तथा पत्रकारिता की स्वतंत्रता और संरक्षण जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इन मुद्दों की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
आंदोलन के दौरान केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने पत्रकार प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया। बैठक में पत्रकारों की मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकारों की समस्याएं किसी एक राज्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे देश के मीडिया जगत से जुड़ी हुई हैं।
रक्षा खडसे ने कहा कि केंद्र सरकार पत्रकारों की मांगों के प्रति गंभीर और संवेदनशील है तथा संबंधित मंत्रालयों के साथ समन्वय स्थापित कर उचित समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी न्यायसंगत मांगों पर सरकार सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगी।
इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव भी आंदोलन स्थल पहुंचे और पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों की मांगों को संबंधित मंत्रालयों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा तथा सकारात्मक संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। उनकी अपील के बाद संगठन ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
वॉइस ऑफ मीडिया ने स्पष्ट किया कि आंदोलन भले ही समाप्त कर दिया गया हो, लेकिन सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन तक पत्रकारों की मांगों को लेकर निरंतर फॉलोअप और प्रयास जारी रहेंगे।
रक्षा खडसे के साथ हुई बैठक में वॉइस ऑफ मीडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के, महाराष्ट्र राज्य कोर कमेटी सदस्य कल्पेश महाले, राज्य प्रचार प्रमुख बापुराव ठाकरे, शांति गौतम, विकास तथा बंशी लाल पांचाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आंदोलन स्थल पर देशभर से आए पत्रकारों और प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समापन अवसर पर संदीप काले ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक संगठन का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक पत्रकार के अधिकारों का संघर्ष है। उन्होंने कहा कि सरकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया आंदोलन की पहली महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन पत्रकार सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और पत्रकारों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर ठोस निर्णय होने तक संघर्ष जारी रहेगा।









