अर्की (जयनगर), 7 अगस्त
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा
भारतीय राज्य पेंशनर संघ, जयनगर इकाई की बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालकृष्ण ठाकुर तथा रोशन लाल भाटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के बावजूद अब तक 40 प्रतिशत बकाया भुगतान संबंधी अधिसूचना जारी न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की कुल बकाया राशि का 40 प्रतिशत भुगतान करने पर सहमति जताई थी तथा 31 जुलाई 2026 तक भुगतान का आश्वासन भी दिया था। निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद न तो अधिसूचना जारी की गई और न ही भुगतान किया गया।
पेंशनर संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की कि 40 प्रतिशत बकाया राशि के भुगतान संबंधी अधिसूचना तत्काल जारी की जाए। इसके साथ ही 15 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) की लंबित किस्तों का भुगतान भी बकाया राशि के साथ शीघ्र किया जाए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त 2026 को जिला कांगड़ा के शाहपुर में आयोजित हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक में लिए जाने वाले सभी निर्णयों का भारतीय राज्य पेंशनर संघ, जयनगर इकाई पूर्ण समर्थन करेगी तथा आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएगी।
बैठक में जयनगर इकाई के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
यह जानकारी भारतीय राज्य पेंशनर संघ, जयनगर इकाई के महासचिव हरदेव महाजन ने प्रेस को जारी बयान में दी।










