सखी सहेली समूह ने आयोजित किया प्रतिभा सम्मान समारोह
शिमला, 10 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
सखी सहेली समूह द्वारा शिमला जिला के NEET परीक्षा में सफल प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान में YWCA, माल रोड शिमला में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट और जिला अध्यक्ष केशव चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में पार्थ पंडित, संचित छतवाल, वंशिका शर्मा, हर्ष, गार्गी, सातव्य सूद, दीक्षा शर्मा, आरुषि कश्यप, नव्या कश्यप, रवीना चौधरी, सनविक चौहान, दैविक वर्मा, लविश श्रीवास्तव, प्रद्युम्न कौशल और शव्य सहित NEET में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

अपने संबोधन में सुरेश भारद्वाज ने कहा कि NEET जैसी कठिन परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक प्रतिष्ठित पेशा नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा का बड़ा दायित्व भी है।
उन्होंने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि पेपर लीक और अनुचित साधनों का प्रयोग मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत ऐसी गतिविधियों पर कड़े दंड का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सा क्षेत्र में करुणा, संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवा भाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आयोजकों और उपस्थित पदाधिकारियों ने भी सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे शिमला और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।








