/भटियात और डलहौजी में आंगनबाड़ी के 64 पदों पर भर्ती, 2 सितंबर तक करें आवेदन

भटियात और डलहौजी में आंगनबाड़ी के 64 पदों पर भर्ती, 2 सितंबर तक करें आवेदन

चंबा, 11 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने उपमंडल भटियात और डलहौजी के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 64 पदों पर भर्ती के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इच्छुक उम्मीदवार 2 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय, चुवाड़ी में जमा कर सकते हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी धर्मवीर ने बताया कि भटियात उपमंडल में 10 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 28 आंगनवाड़ी सहायिका के पद रिक्त हैं।

इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र 2/4 बकलोह कैंट में एक कैच कार्यकर्ता और एक कैच सहायिका का नया पद भी सृजित किया गया है। वहीं, डलहौजी उपमंडल में 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा 19 आंगनवाड़ी सहायिका के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल पात्र महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं। आवेदिका का संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के फीडिंग एरिया का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।

आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से जमा दो (12वीं) उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय प्रमाण पत्र, जो नायब तहसीलदार, तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी एवं प्रति-हस्ताक्षरित हो, मान्य होगा।

भर्ती प्रक्रिया में उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांग, स्टेट होम या बालिका आश्रम के इनमेट, अनाथ, विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा, परित्यक्ता तथा जिनके पति पिछले सात वर्षों से लापता हैं, ऐसे अभ्यर्थियों के साथ-साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इसके लिए संबंधित सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार भटियात उपमंडल के अभ्यर्थियों के लिए 8 सितंबर 2026 को सीडीपीओ कार्यालय, चुवाड़ी में आयोजित किए जाएंगे। वहीं, डलहौजी उपमंडल के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार 11 सितंबर 2026 को उपमंडलाधिकारी कार्यालय, डलहौजी में होगा। इसके लिए अलग से कोई सूचना जारी नहीं की जाएगी।

विभाग ने बताया कि भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, वृत्त पर्यवेक्षक अथवा बाल विकास परियोजना अधिकारी, चुवाड़ी के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।