/दिवाली पर कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री का तोहफा

दिवाली पर कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री का तोहफा

3% डीए वृद्धि का ऐलान, एरियर मिलेगा अप्रैल 2025 से।

शिमला 15 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिवाली के अवसर पर राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। यह वृद्धि 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का एरियर अप्रैल 2025 से उनके खातों में जमा किया जाएगा, जबकि बाकी की राशि नवंबर माह के वेतन के साथ जारी की जाएगी। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलेगी और उनके त्योहार की खुशियाँ दोगुनी होंगी।

सरकार के इस कदम को कर्मचारियों ने स्वागतयोग्य बताते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की कर्मचारी हितैषी नीति को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस घोषणा के बाद हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता अब 46 प्रतिशत तक पहुँच जाएगा।