/त्योहारों में नहीं दिखी रौनक, नालागढ़ बाजार पड़े सूने

त्योहारों में नहीं दिखी रौनक, नालागढ़ बाजार पड़े सूने

नालागढ़, 17 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

औद्योगिक नगरी बीबीएन क्षेत्र के बाजारों में इस बार त्योहारों की रौनक फीकी पड़ गई है। महंगाई और ऑनलाइन ट्रेडिंग के बढ़ते चलन ने स्थानीय बाजारों की चहल-पहल पर गहरा असर डाला है।

नालागढ़ बाजार का हाल यह रहा कि आज पूरे दिन में एक आध ग्राहक ही नजर आया।

दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में बैठे-बैठे ऊंघते दिखे।

बर्फानी चौक पर फल विक्रेता ग्राहक के इंतजार में थककर नींद के आगोश में चला गया।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि महंगाई ने उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति घटा दी है, वहीं ऑनलाइन बिक्री ने पारंपरिक दुकानदारों की स्थिति और कठिन बना दी है। लोगों की माने तो आज हर कॉलोनी में दुकानें खुलने से बाजार जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

एक दुकानदार ने बताया — “सरकार को जहां ऑनलाइन ट्रेडिंग से कर राजस्व में कमी का नुकसान हो रहा है, वहीं खुदरा दुकानदारों की दुकानदारी भी ठप हो गई है।”

त्योहारों के दिनों में भी बाजारों में सन्नाटा पसरा रहना व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय व्यवसायों को प्रोत्साहन देने और ऑनलाइन बिक्री पर नियंत्रण के उपाय किए जाएं, ताकि आने वाले समय में बाजारों की रौनक लौट सके।