/केंद्र की वित्तीय मदद पर राजनीति कर रही हिमाचल सरकार: जयराम ठाकुर

केंद्र की वित्तीय मदद पर राजनीति कर रही हिमाचल सरकार: जयराम ठाकुर


हमीरपुर, 4 अक्टूबर,

हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।


पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर केंद्र से मिल रही वित्तीय सहायता का राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सड़क, बुनियादी ढांचे और अन्य विकास कार्यों के लिए केंद्र से मिल रही मदद से प्रदेश में कई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं, लेकिन राज्य सरकार इसका उचित उल्लेख नहीं कर रही है।


जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए 30 करोड़ रुपये तथा रेलवे परियोजनाओं में प्रदेश के 10 प्रतिशत हिस्से के भुगतान को लेकर भी सरकार की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिलने वाली सहायता से सड़कों के रखरखाव और सुधार के कार्य किए जा रहे हैं।


उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हालिया मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा के साथ स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।


जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 232.93 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए हैं।

इनमें सड़क, पेयजल, सीवरेज, सिंचाई और स्वास्थ्य से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि इन परियोजनाओं को केंद्र से स्वीकृति दिलाने में शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद सुरेश कश्यप की भूमिका रही है।