/गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर जयराम ठाकुर ने गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर जयराम ठाकुर ने गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा


शिमला 24 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की अरदास, गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को बताया मानवता की अमूल्य धरोहर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर लोकल बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की।

इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन और उनकी शिक्षाएं मानवता के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने ‘एक ओंकार’, सेवा, सत्य, समानता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को भेदभाव एवं ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें सिखाती हैं कि सच्ची भक्ति मानव सेवा, परोपकार तथा सभी के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना में निहित है।

उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव मानवता और सद्भावना के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।