/63 की सबीना और 75 के कन्हैया लाल रचाएंगे शादी, वृद्धाश्रम में लेंगे सात फेरे।

63 की सबीना और 75 के कन्हैया लाल रचाएंगे शादी, वृद्धाश्रम में लेंगे सात फेरे।

अपनों ने ठुकराया तो ‘अपना घर’ ने अपनाया, देवली वृद्धाश्रम में कल 25 नवंबर को होगा विवाह

बिलासपुर 24 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

कहते हैं कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती। इसकी मिसाल बिलासपुर के देवली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में देखने को मिल रही है। यहां 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल एक-दूसरे का सहारा बनकर अब विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों का विवाह 25 नवंबर को आश्रम परिसर में पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न होगा।

कोलकाता निवासी सबीना और मंडी जिला के जंजैहली निवासी कन्हैया लाल को जीवन में अपनों से उपेक्षा और अकेलेपन का सामना करना पड़ा। कन्हैया लाल की कोई संतान नहीं थी।

उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी, लेकिन बाद में उन्हें घर से बेदखल कर दिया गया। इसके बाद वह जंगल की एक गुफा में रहने लगे।

जानकारी मिलने पर अपना घर वृद्धाश्रम के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल की टीम ने उन्हें रेस्क्यू कर आश्रम में आश्रय दिया।


वहीं, सबीना घूमने के लिए निकली थीं और रास्ता भटककर शिमला के मशोबरा पहुंच गईं।

पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर नारी निकेतन मशोबरा पहुंचाया। बाद में उन्हें देवली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में स्थानांतरित कर दिया गया।


वृद्धाश्रम में दोनों की मुलाकात हुई। एक-दूसरे के दर्द और अकेलेपन को समझते हुए उनके बीच अपनापन बढ़ा और दोनों ने शेष जीवन साथ बिताने का निर्णय लिया। अब आश्रम प्रबंधन की देखरेख में उनके विवाह की तैयारियां की जा रही।


आश्रम संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल के अनुसार, विवाह के बाद इस जोड़े को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया जाएगा।

वहां दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन की नई शुरुआत करेंगे।