/रिज मैदान में 13 अक्टूबर को होगा स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

रिज मैदान में 13 अक्टूबर को होगा स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

शिमला, 17 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।


हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और जननायक स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब आगामी 13 अक्टूबर, 2025 (सोमवार) को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किया जाएगा। यह जानकारी वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी।

यह ऐतिहासिक आयोजन पूर्व में 23 जून 2025, यानी राजा वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस पर प्रस्तावित था। लेकिन हिमाचल प्रदेश में आई भीषण वर्षा और प्राकृतिक आपदा, जिसमें राज्य को भारी जान-माल की क्षति हुई, के कारण फाउंडेशन ने सर्वसम्मति से इस समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया था। उस समय फाउंडेशन ने आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राहत कार्यों में सक्रिय योगदान दिया था और ₹11 लाख की राशि मंडी जिला प्रशासन को उन बच्चों की शिक्षा हेतु प्रदान की थी, जिन्होंने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया।

फाउंडेशन की ओर से बताया गया है कि प्रतिमा अनावरण समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा विशेष अतिथि होंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी, स्वास्थ्य अनुकूल रहने पर, इस आयोजन में शामिल हो सकती हैं।

वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुजनों और मीडिया प्रतिनिधियों से इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने का आग्रह किया है।